09012026_banners.jpg

 स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज से एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। नए मेडिकल कॉलेज एवं   अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है,  जिसका लाभ यहां के लोगों को निश्चित तौर पर मिलेगा । मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर, सरायकेला - खरसावां में एमबीबीएस पाठ्यक्रम (प्रथम बैच) के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला- खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना सराहनीय कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संस्थान खुलने से शिक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा।

09012026_17_1

मुख्यमंत्री ने एमबीबीएस पाठ्यक्रम के पहले बैच में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों को  बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर साल यहां नया बैच आएगा। 5 वर्षों में यह मेडिकल कॉलेज पूरी शक्ल ले चुका होगा। ऐसे में आप जब यहां से अपनी पढ़ाई पूरी कर निकलेंगे तो समाज को आपसे काफी उम्मीदें होंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि आप एक बेहतर चिकित्सक के रूप में समाज को अपनी सेवा देंगे।

09012026_17_2

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे मजबूत हो, इस दिशा में निरंतर प्रयास हो रहा है। हम एक ऐसा हेल्थ इको सिस्टम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं , जहां  बेहतर तथा गुणवत्तायुक्त पढ़ाई के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा सकें।

09012026_17_3

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 5 वर्षों में मेडिकल कॉलेज की संख्या को 25 से 30 करने के लक्ष्य के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, हमारे सामने कई चुनौतियां भी हैं, लेकिन, मेरा मानना है कि जब चुनौतियां आएंगी तभी काम करने का आनंद भी मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि  अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों में डॉक्टरों के आने- जाने का सिलसिला चलता रहेगा। उसे रोक नहीं सकते हैं। लेकिन, इस राज्य में ज्यादा से ज्यादा बेहतर मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और चिकित्सक आएं, इसके लिए सरकार हर स्तर पर स्वास्थ्य सरंचना सुदृढ़ करने का काम पूरी क्षमता और ताकत से कर रही है।

09012026_17_4

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद श्रीमती जोबा मांझी, विधायक श्री दशरथ  गागराई, विधायक श्रीमती सविता महतो, विधायक श्री समीर मोहंती, विधायक श्री मंगल कालिंदी, विधायक श्री सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह और नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष श्री मदन मोहन सिंह मौजूद रहे।

Recent news