30122025_632_banners

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज  जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा - 2023 (सीजीएल)  के माध्यम से विभिन्न पदों के लिए चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर नव वर्ष का बड़ा उपहार दिया। इस बाबत मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कि जिस तरह अपने कठिन परिश्रम और संघर्ष से यह मुकाम प्राप्त किया है, उसी तरह  पूरी निष्ठा, लगन सेवा भावना और कार्यशैली से राज्य को आगे ले जाने का दायित्व भी निभाएंगे। आपका सरकार के अंग के रूप में इस राज्य की जनता से जुड़ना इस प्रदेश के विकास को नया आयाम देगा।

30122025_632_2

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेएसएससी- सीजीएल को लेकर तरह - तरह की चुनौतियां आईं। लंबे समय तक परीक्षा में व्यवधान पैदा होता रहा। लेकिन, मैने कहा था कि इरादे नेक हों तो सफलता जरूर मिलती है। इसी सोच के साथ हमारी सरकार सीजीएल परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी रही। हालांकि, इस दौरान कुछ संगठित गिरोह साजिश रचने का प्रयास करते रहे। लेकिन, हमारी सरकार और जेएसएससी ने इस परीक्षा के आयोजन से लेकर न्यायालय तक पूरी पारदर्शिता के साथ सभी बातों को रखा । इसी का नतीजा है कि विरोधी तत्वों की साजिशें नाकाम हुईं, और आपकी मेहनत और संघर्ष की जीत हुई। लंबे इंतजार के बाद आज नियुक्ति पत्र मिलने से आप खुश हैं । आपका परिवार खुश है ।मुझे भी खुशी है कि इतनी बड़ी संख्या में राज्य के नौजवानों को नियुक्ति पत्र देने का अवसर एक बार फिर प्राप्त हुआ है।

30122025_632_3

मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से कहा कि आपने लंबे समय तक संघर्ष किया । इस दौरान कई तरह की परिस्थितियों से आप गुजरे होंगे। इस बात को हम भी अच्छी तरह महसूस करते हैं। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि सरकार द्वारा पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ नियुक्ति परीक्षाएं आयोजित की जा रही है।  ऐसे में अगर  नौजवानों के भविष्य के साथ जो भी खिलवाड़ अथवा साजिश रचने का प्रयास करेगा, उसे जेल भेजने का काम किया जाएगा।

30122025_632_7


मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवानों का भविष्य संवारने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से कहा कि आपने जिस कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है । वैसा ही आपके अगल-बगल में रहने वाले नौजवान भी काबिल बने, इसमें  आप उन्हें जरूर सहयोग करें। जब हर युवा अपने पैरों पर खड़ा होगा तो राज्य भी मजबूत बनेगा।

30122025_632_9

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह राज्य में नियुक्तियों का सिलसिला जारी है, वैसे ही सरकारी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इस सिलसिले में विभिन्न बैंकों के साथ राज्य सरकार ने एमओयू किया है।  इसके तहत दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता के साथ कई सुविधाएं भी मिलेगी। यह सुविधा स्थायी कर्मियों के साथ अनुबंध कर्मियों को भी मिल  रहा है।

30122025_632_12

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि आप सरकार के अंग के रूप में अब जुड़ रहे हैं। ऐसे में आपका काम काफी मायने रखता है। आपकी कार्यशैली से सरकार की छवि बनती है। आपकी कार्यशैली से हमें ताकत मिलता है। आपकी कार्यशाली से राज्य की दशा और दिशा बदलती है । ऐसे में राज्य के विकास में आपका सहयोग बेहद जरूरी है । मुख्यमंत्री ने कहा कि आप आगे बढ़ें, सरकार आपके सहयोग के लिए हमेशा खड़ी रहेगी।

30122025_632_20

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में हमारी सरकार सत्ता में आई। उस वक्त से से आज तक आपका विश्वास और सहयोग हमें लगातार मिलता आ रहा है। 2024 में जब हमारी सरकार दोबारा बनी तो उसमें भी आपका हमें पूरा आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आपके इसी भरोसे पर ही हम राज्य के विकास को नई गति दे रहे हैं। हम एक ऐसी लंबी और गाढ़ी लकीर खीच रहे है, जो इस राज्य और यहां के लोगों के जिंदगी में बदलाव ला रहा है।

30122025_632_19

मुख्यमंत्री ने कहा कि  2019 में हमारी सरकार बनी। उसके बाद से नियुक्तियों का सिलसिला निरंतर जारी है । अब तक लाखों नौजवानों को हम नौकरी दे चुके  हैं। राज्य गठन के बाद पहली बार कृषि पदाधिकारी की नियुक्ति हुई। मेडिकल ऑफिसर की बहाली समय-समय पर होती आ रही है। सभी श्रेणी में शिक्षकों की बहाली हुई। सरकारी अस्पतालों को बड़े पैमाने पर एएनएम - जीएनएम मिले।  अलावे भी विभिन्न सेवाओं और पदों के लिए बड़ी संख्या में नियुक्तियां हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 2024 में जब हमारी सरकार  फिर बनी तो मात्र एक वर्ष में ही सिर्फ एक कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 9000 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का अवसर मिला। उसके लगभग एक महीने बाद आज  फिर 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे रहे हैं।  विभिन्न पदों के लिए नियुक्तियां प्रक्रिया लगातार जारी है।

30122025_632_6

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार इस राज्य के गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी,  दलित, महिला, नौजवान - हर किसी को मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कोई गरीब और मजबूर नहीं होता है। वक्त का तकाजा उन्हें यहां तक लाता है। लेकिन, मेरा मानना है कि समय हर किसी का बदलता है। ऐसे में हमें एक- दूसरे का सम्मान करना चाहिए।  उन्होंने आगे कहा कि मंइया सम्मान योजना की वजह से एक ओर महिलाएं सशक्त हो रही हैं तो सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़कर गरीब और जरूरतमंद अपने पैरों पर खड़ा हो रहे हैं।

30122025_632_23

इस मौके पर मंच के माध्यम से कई अभ्यर्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन और नियुक्ति पत्र मिलने के लिए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन का आभार जताया। सहायक प्रशाखा प्राधिकारी के पद पर चयनित एन आईसा कुजूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा का पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजन हुआ। इस सरकार में प्रतिभाशाली बच्चों को आगे आने का मौका मिल रहा है।   वहीं, रांची की निशा तिग्गा ने कहा कि हमारा काफी लंबा संघर्ष रहा, लेकिन परीक्षा का सफल आयोजन और नियुक्ति पत्र मिलने से काफी खुशी मिल रही है । यह मुख्यमंत्री के प्रयासों का नतीजा है कि पूरी परीक्षा में पारदर्शिता बरती गई और हम जैसे हजारों गरीब अभ्यर्थियों को सफलता प्राप्त हुई। कोडरमा के अनिल रजक ने कहा कि पिता के देहांत के बाद से मैं जीविकोपार्जन के लिए ऑटो चला रहा था , लेकिन प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी जारी रखी। काफी संघर्ष के बाद मुझे आज यह सफलता मिली है और इसमें मुख्यमंत्री जी का अहम योगदान है। संथाल की कविता  पहाड़िया ने कहा कि आज का  दिन हमारे लिए काफी खुशी का है।  मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने से काफी खुशी हो रही है ।

30122025_632_26

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री श्री  दीपक बिरुवा, मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक  श्रीमती सबिता महतो , विधायक श्री राजेश कच्छप, विधायक श्री सुखराम उरांव, विधायक श्री सुरेश कुमार बैठा, विधायक श्री जीगा सुशारण होरो, विधायक श्री संजीव सरदार,  मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा, सचिव श्री प्रशांत कुमार समेत कई वरीय अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Recent news