03092025_511_banner

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन आज रांची महिला महाविद्यालय के साइंस ब्लॉक स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित "करम पूजा महोत्सव-2025" में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अखरा में स्थापित करम डाली के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की तथा शीश नवाकर समस्त झारखण्डवासियों की सुख, समृद्धि, शांति, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।

03092025_511_12

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि हम सब लोग इस धरती के साथ स्थापित  परंपराओं एवं संस्कृति से बंधे हुए हैं। हर वर्ग समुदाय के लोग अपने-अपने रीति-रिवाज एवं संस्कृति के साथ आगे बढ़ते हैं, इसी प्रकार आज आदिवासी समाज के लोग करम पर्व के  पावन अवसर पर इस आदिवासी कॉलेज छात्रावास परिसर में करम महोत्सव-2025 धूमधाम से मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हमारी बहनों ने बारिश के मौसम में भी एकत्रित होकर इस परंपरा का हर्ष और उल्लास के साथ निर्वहन किया  है जो प्रकृति के साथ हमारे साहचर्य का उदाहरण है। बारिश, तूफान या गर्मी किसी भी प्रकार का मौसम हो हर हाल में हमारी बहनों ने करम महोत्सव को प्रत्येक बार संपन्न कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि करम पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट संबंध, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति के प्रति गहरी आस्था और कृतज्ञता को दर्शाता है।

03092025_511_5

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हम सभी की यह कामना है कि हमारे पूर्वजों ने जिस प्रकार हमें करम पर्व जैसे  महत्वपूर्ण सामूहिक उल्लास के अवसरों को आगे बढ़ाने का दायित्व सौंपा है, हमारी पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी भी इस समृद्ध परंपरा को श्रद्धा और सद्भाव के साथ आगे बढ़ाते रहें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी यह समृद्ध परंपरा और संस्कृति और ज्यादा मजबूती के साथ आगे बढ़ती रहे ये हम सभी की जिम्मेवारी है। मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से समस्त राज्यवासियों को करम महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

03092025_511_13

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, मंत्री झारखंड सरकार श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Recent news