श्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में झारखण्ड राज्य के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने श्री सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही, विधायक श्री आलमगीर आलम, श्री रामेश्वर उरांव तथा श्री सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली।
सीएम एट होम में सम्मिलित हुए
शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन झारखण्ड की राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा राजभवन में नई सरकार के गठन के सम्मान में आयोजित किये गए एट होम कार्यक्रम में शामिल हुए।

शहीदों को किया नमन, बच्चों से साझा की बातें
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी एवं सिदो कान्हू पार्क स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले और उनसे हाथ मिला कर उनकी कुशलता जानी।

साथ दें, साथ चलें। आइये नये झारखण्ड की राह चलें
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम सभी को साथ चल कर झारखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
“हमारी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी। राज्य में अमन, चैन, शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा। आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने की दिशा में नई सरकार सदैव कार्य करेगी। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए लोगों का आभार। आप इस समारोह के साक्षी बने यह राज्य के लिए बहुत ही गौरवशाली क्षण रहा।" – श्री हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड

शपथ ग्रहण को लेकर पूरे राज्य में लोगों का उत्साह चरम पर रहा
नए मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे राज्य में लोगों का उत्साह चरम पर रहा। मोरहाबादी स्थित कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सभी इस समारोह के साक्षी बने।शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने मोरहाबादी मैदान पहुंचे आगंतुकों ने मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन को दी बधाई

शपथ ग्रहण समारोह में झारखण्ड की राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन, श्रीमती रूपी सोरेन, श्री राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, सुश्री ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल, श्री तेजस्वी यादव, पूर्व उप मुख्यमंत्री बिहार, श्री अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री राजस्थान, श्री भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़, श्री शरद यादव, पूर्व सांसद राज्यसभा, श्री एमके स्टालिन, अध्यक्ष डीएमके, श्री केसी वेणुगोपाल, नेता भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, श्री आर पी एन सिंह, झारखंड प्रभारी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, श्री जीतन राम मांझी, पूर्व मुख्यमंत्री बिहार, श्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री, झारखण्ड सहित देशभर से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई गणमान्य नेता, सभी नव निर्वाचित विधायक, सांसदगण अन्य आगंतुक शामिल हुए। सभी आगंतुकों ने शपथ ग्रहण के उपरांत मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन को अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

