झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की समस्त जनता एवं देशवासियों को नए वर्ष पर शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साल 2020 समस्त झारखंडवासियों के लिए सुख, शांति, सद्भाव, उन्नति, समृद्धि एवं सफलताओं का वर्ष हो। नया वर्ष समस्त झारखण्ड वासियों के जीवन में खुशहाली लेकर आए।
जनता से किया विकास यात्रा में सहयात्री बनने का आह्वान
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने विकसित, समृद्ध और नए झारखंड के निर्माण के लिए प्रदेश की समस्त जनता से सरकार के विकास यात्रा में सहयात्री बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आइये हम सब मिलकर अपने झारखण्ड को बनाएं और संवारें। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की चेतना समावेशी है। सभी धर्मों और सभी समुदायों के साथ आदिवासियों, दलितों, गरीबों और पिछड़े हुए लोगों को साथ लेकर प्रगति और खुशहाली के लिए समर्पित प्रयास ही मेरा संकल्प है।

