मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने रजरप्पा में मां छिन्नमस्तिके मंदिर और पवित्र सरना स्थल पर की पूजा

नए वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन सपरिवार शक्तिपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मन्दिर पहुंचे जहां उन्होंने मां छिन्नमस्तिका की विधिवत पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यवासियों के जीवन में सुख, शांति, अमन-चैन, समृद्धि और खुशहाली आए इसकी कामना माता रानी से की है। उन्होंने कहा कि झारखंड को खुशहाल बनाना हमारी सरकार का ध्येय है।

राज्य का सम्यक और सर्वांगीण विकास करना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने का काम करेगी। राज्य के सवा तीन करोड़ लोगों के हित में काम किए जाएंगे। राज्य को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य की जनता ने जिस अपेक्षा के साथ उन्हें मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है, उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास निरंतर करूंगा।

सरना स्थल में की पूजा अर्चना

मां छिन्नमस्तिका की पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ने रजरप्पा के भैरवी-भेड़ा और दामोदर नदी के संगम पर स्थित पवित्र सरना स्थल में भी पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने स्थानीय लोगों के अपार प्यार और स्नेह के लिये तहे दिल से आभार जताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के पिता दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन, उनकी माता श्रीमती रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्रीमती सीता सोरेन सहित अन्य परिजन उपस्थित थे।

 

Recent news