दुमका: मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन का स्थानीय जनता ने किया भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र दुमका पहुंचने पर जनता ने श्री हेमंत सोरेन का जोरदार अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत में हजारों की संख्या में लोग दुमका एयरपोर्ट उन्हें बधाई देने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री को किसी ने फूल तो किसी ने पुस्तक भेंट स्वरूप दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री दुमका की जनता के सत्कार से आह्लादित हुए और उनके अभिवादन को आत्मीयता से स्वीकार किया।

वीर शहीदों और महापुरुषों को किया नमन

मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन दुमका एयरपोर्ट से सीधे पोखरा चौक स्थित सिदो-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया, इसके बाद मुख्यमंत्री दुमका के विवेकानंद चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को नमन किया। श्री सोरेन ने डीसी चौक स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।

अपने कर्म भूमि की माटी को ललाट पर लगाने आया हूँ...सभी धर्म के लोगों के साथ मिलकर झारखण्ड का विकास करेंगे’”- हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री झारखंड

दुमका राजभवन में मुख्यमंत्री से मिलने वालों का तांता लगा रहा। लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि उप राजधानी दुमका में आपके स्वागत से आह्लादित हूँ। आप सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं। आप में नई आशाएं और उम्मीद नजर आ रही है। आप सभी थोड़ा सब्र करें। हम आपकी आशाओं के अनुरूप कार्य करेंगे, जिस उद्देश्य से आपने मुझे आगे बढ़ाया है उसका लक्ष्य पूरा होगा। यह मेरी जिम्मेदारी है।

बासुकीनाथ के दिवगंत पुरोहित के भाई से मिले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बासुकीनाथ मंदिर के दिवंगत पुरोहित के परिजनों से मुलाकात की और पुरोहित के भाई अमित रंजन को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी और जल्द ही नौकरी का आश्वासन दिया।

 

Recent news