मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखण्ड विधानसभा में पंचम विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर श्री स्टीफन मराण्डी ने उन्हें शपथ दिलायी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शपद ग्रहण के दौरान दुमका सीट की बजाए बरहेट विधानसभा के जनप्रतिनिधि के तौर पर शपथ ली। ज्ञात रहे कि विधानसभा चुनाव में श्री हेमंत सोरेन दो विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़े थे। चुनाव में उन्होंने दोनों ही सीट पर जीत दर्ज की थी। जिसके बाद उन्हें किसी एक सीट को छोड़ना था। मुख्यमंत्री ने बरहेट को अपने विधानसभा क्षेत्र के तौर पर चयन किया।

शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रोटेम स्पीकर का अभिवादन किया और पंचम विधानसभा के लिए सभी निर्वाचित सदस्यों को बहुत बधाई और शुभकामनाएं दी और हाथ जोड़कर सदस्यों का अभिवादन स्वीकार किया।

