मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन शनिवार रात लगभग 9 बजे रांची शहर के विभिन्न फुटपाथों और रैन बसेरों में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कड़ाके की ठंड के बीच गरीब, असहाय व निराश्रित लोगों को सर्दी से राहत देने के लिए कंबलों का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद चौक, काली मंदिर, रांची स्टेशन, खादगढ़ा बस स्टैंड आदि अनेक स्थलों पर कंबल के साथ-साथ स्वेटर, ऊनी टोपी और जैकेट का भी वितरण किया। मुख्यमंत्री ने खादगढ़ा बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि गरीब,असहाय एवं जरूरतमंदों बढ़ती ठंड से राहत पहुंचाना सरकार का कर्तव्य है। इनके राहत के लिए कम्बल वितरण राज्य सरकार का एक छोटा सा प्रयास है। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले समय में इन सभी गरीब, असहाय एवं जरूरतमंदों का जीवन स्तर बेहतर हो सके इसके लिए वर्तमान सरकार निरंतर कार्य करेगी। सरकार की योजनाओं का लाभ इन सभी लोगों को शत प्रतिशत पहुंचे यह हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

जिला प्रशासन को राज्य सरकार का निर्देश
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी जिलों के जिला प्रशासन को यह निर्देश दिया कि सभी अपने-अपने जिले में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का कार्य जल्द से जल्द सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती ठंड को देखते हुए फुटपाथों, चौक-चौराहों पर अलाव की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन संवेदनशील और तत्परता के साथ कार्य करे। इस अवसर पर रांची के उपायुक्त रांची श्री राय महिमापत रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

