आंचल शिशु आश्रम और कुश्ती खिलाड़ी के घर जब बिन बताए पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन अपनी सहजता और अपने आम आदमी के दुःख दर्द से अपने जुड़ाव को हमेशा सबसे आगे रखते हैं। यह बात आज फिर एक बार सामने आयी, जब वे विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) के कार्यक्रम के बाद अचानक बिना किसी पूर्व कार्यक्रम से आम आदमी की तरह लेक रोड पर स्थित पहले आंचल शिशु आश्रम और फिर राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी सुश्री राखी तिर्की एवं सुश्री मधु तिर्की के घर पहुंचे। आंचल शिशु आश्रम में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे खूब खुश हो गये। मुख्यमंत्री ने आश्रम के बच्चों से मिलकर उनकी पढ़ाई लिखाई और उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने मुख्यमंत्री को स्वागत तिलक लगाया और उनके सम्मान में प्रार्थना गीत भी गया।

अनाथालयों के प्रमुखों के साथ जल्द ही बैठक करें

मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों को निदेश दिया कि जल्द ही सभी अनाथालयों के प्रमुखों के साथ बैठक कर इनके संचालन में आने वाली सभी दिक्कतों की जानकारी ली जाय। आश्रमों में रह रहे बच्चों की पढ़ाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बैठकें नियमित अंतराल पर होती रहनी चाहिए।

कुश्ती खिलाड़ी सुश्री राखी तिर्की एवं सुश्री मधु तिर्की के घर पहुंचे

आंचल शिशु आश्रम से निकलकर लौटने के क्रम में अचानक गाड़ी रोक कर श्री मोहन तिर्की एवं श्रीमती रूपन तिर्की के घर पहुंचे। इनकी बेटियां कुश्ती खिलाड़ी बेटियां सुश्री राखी तिर्की एवं सुश्री मधु तिर्की को अपने घर अचानक मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को देख कर सहसा यकीन नहीं हुआ। वे बहुत उत्साहित और खुश हुईं। मुख्यमंत्री ने इनका हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आप आगे और कड़ी मेहनत करें और राज्य व देश के लिए मेडल जीतकर लाएं। उन्होंने इन खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में राज्य के मेधावी खिलाड़ियों को सरकार सुविधाएं प्रदान करेगी।

Recent news