पश्चिम सिंहभूम के बुरूगुलीकेला नरसंहार कांड की जांच करेगी SIT – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पश्चिम सिंहभूम के बुरुगुलीकेला गांव में 7 ग्रामीणों की हुई निर्मम हत्या की घटना पर झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव गृह, डीजी पुलिस तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

कानून तोड़ने वालों में पुलिस का दहशत बना रहे

मुख्यमंत्री ने समीक्षा करते हुए यह स्पष्ट कहा कि यह सही है कि पुलिस हर जगह नहीं रह सकती है लेकिन, पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिये कि जनता का भरोसा उस पर बना रहे तथा अपराध करने वाले और कानून तोड़ने वालों में पुलिस का दहशत भी बना रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून सबसे उपर है और घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

दोषियों को चिन्हित करने के लिए SIT का गठन किया जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि तय समय सीमा के अंदर घटना के सही कारणों को सामने लाएं। उन्होंने पीड़ित परिवार से संपर्क कर परिजनों को अविलंब हर सम्भव सहायता करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों के उद्भेदन करने और दोषियों को चिन्हित करने के लिए एसआईटी का गठन किया जाए। जांच रिपोर्ट के बाद उसके बाद पीड़ित परिवार को तत्काल मदद के अलावा की जाने वाली पूरी सहायता पर और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई का निर्णय सरकार लेगी।

पुलिस सूचना तंत्र को प्रभावी बनाया जाए

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग से अपने सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया ताकि भविष्य में पूरे राज्य में ऐसी घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस के जिला से थाना तक सभी पूरी तरह चौकस रहें। 

जनता के जानमाल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं 

मुख्यमंत्री ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि थाना की स्थिति आज अच्छी नहीं है और थाना प्रभारी अपने मुख्य लक्ष्य से भटक गए हैं। उन्होंने डीजीपी से कहा कि पुलिस तंत्र को यह स्पष्ट कर दें कि सरकार जनता के जानमाल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। साथ ही, थाना स्तर पर व्याप्त कार्यशैली में सुधार लाने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

 

Recent news