मुख्यमंत्री पहुंचे गुदड़ी प्रखंड के बुरुगुलीकेरा गांव, मृतकों के आश्रितों से मिलकर सांत्वना दी

मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन आज पश्चिमी सिंहभूम जिला अंर्तगत गुदड़ी प्रखंड के गुलीकेरा पंचायत के बुरुगुलीकेरा गांव पहुंचे। गांव पहुंचकर वे सीधे मृतकों के आश्रितों के पास पहुंचे और इस निर्मम घटना की जानकारी ली। श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सरकार इस विपदा की घड़ी में उनके साथ है। हम हर सम्भव सहायता देंगे। मुख्यमंत्री ने जिले के डीसी श्री अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक श्री इंद्रजीत माहथा को परिवारों की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया गया।


पुलिस सूचना तंत्र को प्रभावी बनाया जायेगा
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को बताया कि इस घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। एक तय समय सीमा में घटना के सभी पहलुओं की जांच कर ली जाएगी। भविष्य में ऐसी घटना ना हो इसके लिए पुलिस सूचना तंत्र को प्रभावी बनाया जाएगा। 

विधवा पेंशन देने के लिए एक नई व्यवस्था होगी शुरू
ग्रामीणों को मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के द्वारा विधवा पेंशन देने के लिए एक नई व्यवस्था बनाई जा रही है इसके तहत विधवा माताओं को परिवार के सदस्यों एवं बच्चों के अनुसार पेंशन की राशि तय करते हुए भुगतान किया जाएगा।

दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई
मृतकों के परिवारों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के जान माल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। यह पूरा झारखंड राज्य मेरा घर है और यहां के वासी मेरे परिवार के सदस्य हैं। कानून व्यवस्था सबसे ऊपर है और किसी भी व्यक्ति को कानून तोड़ने का कोई भी अधिकार नहीं है। जल्द ही मामले में दोषी पाए गए लोगों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
 

Recent news