17वीं पुलिस ड्यूटी मीट के समापन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विजयी प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने रांची के डोरंडा स्थित जैप वन ग्राउंड में 17 वीं पुलिस ड्यूटी मीट के समापन समारोह में शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा आधुनिक युग विज्ञान और तकनीक का है। शिकायतों और मामलों के अनुसंधान में नवीनतम तकनीकों का इस्तेमाल करें, ताकि अभियोजन पक्ष मजबूत हो और दोषियों को सजा मिल सके। विभिन्न श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता में आपने जो सीखा है उसका इस्तेमाल करना समय की मांग है। मुख्यमंत्री ने पुलिस पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी झारखंड पुलिस अपने कर्तव्यों के प्रति मुस्तैद रहा है। यहां के जाबांज जवान राज्य और देश की सेवा करते आ रहे हैं। हमारे पुलिसकर्मी हमारी सुरक्षा व्यवस्था के मेरुदंड हैं।

नक्सली हमले में शहीद हुए पुलिस जवानों को नमन 

नक्सली समस्या को मुख्यमंत्री ने झारखंड की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि नक्सलियों से चल रही लड़ाई में कई पुलिस शहीद हो चुके हैं। मैं समस्त झारखण्डवासियों की ओर से उन तमाम शहीद पुलिस जवानों और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल समस्या को खत्म करने मे झारखंड पुलिस निश्चित तौर पर कामयाब होगी।

ग़रीबो औऱ पिछड़ों के प्रति संवेदना रखें 

पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को गरीबों और पिछड़ों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए और समर्पित भाव से कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। उन्हें न्याय दिलाने का काम करें। इससे पुलिस को जनता का विश्वास जीतने में मदद मिलेगी। यह हमारे समाज में शांति व्यवस्था और बेहतर माहौल बनाने के लिए बेहद जरूरी है।

नारी सशक्तिकरण पर जोर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक आर्थिक परिवर्तन के इस दौर में नारी सशक्तिकरण को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जानी चाहिए।  महिलाओं के प्रति हो रहा अपराध समाज के लिए कलंक है। इसे हर हाल में रोका जाना चाहिए। पुलिस महकमे को  महिला हिंसा व अपराध को रोकने के लिए विभिन्न संगठनों का भी सहयोग लेना चाहिए ताकि, समाज से महिला अपराध का नामो-निशान खत्म हो जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पुलिस के समक्ष कई तरह की चुनौतियां और कठिनाईयां हैं। इससे कहीं न कहीं उन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन में दिक्कतें भी आती हैं। सरकार इस तरह की कठिनाईयों को दूर करने में सहयोग करेगी। पुलिसकर्मी भी अपनी ड्यूटी के प्रति सजग और जनता के प्रति विनम्र बनें। जनता के सहयोग से ही अपराध पर काबू पाया जा सकता है इसलिए लोगों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखें। पुलिस ड्यूटी मीट के समापन समारोह में पुलिस महानिदेशक श्री के एन चौबे ने अपने संबोधन के दौरान पुलिस महकमा द्वारा अपराध रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों व गतिविधियों के साथ पुलिस की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस ने जो रणनीति बनाई है उसका सीधा फायदा मिल रहा है। दिसंबर से अबतक 1100 साइबर अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने ह्यूमन ट्रैफिकिंग, महिला हिंसा और अन्य अपराधों के उद्भेदन और अनुसंधान में इस्तेमाल किए जा रहे तकनीकों के बारे भी बताया। इस मौके पर जैप के डीजी श्री नीरज सिन्हा और पुलिस मुख्यालय के डीजी श्री पीआरके नायडू समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी, कनीय पदाधिकारी औऱ पुलिस जवान मौजूद थे. 
 

Recent news