मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में कौलेश्वरी विकास प्रबंधक समिति, हंटरगंज, चतरा का एक प्रतिनिधिमंडल श्रम नियोजन सह प्रशिक्षण मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता के नेतृत्व में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने चतरा जिला अंतर्गत हंटरगंज प्रखंड में स्थित अति प्राचीन एवं ऐतिहासिक तीर्थ स्थल कौलेश्वरी को पर्यटन स्थल घोषित करने तथा इसके समुचित विकास के संबंध में मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को ऐतिहासिक तीर्थ स्थल कौलेश्वरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने एवं इस क्षेत्र के विशेषताओं और संभावनाओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि तीनों धर्म सनातन, जैन एवं बौद्ध की संगम स्थली के रूप में कौलेश्वरी पूजित पहाड़ पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पर्यटक एवं यात्री यहां प्रत्येक वर्ष आते हैं। यह क्षेत्र एक आकर्षक पर्यटन के रूप में विकसित हो सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को इस संबंध में सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में कौलेश्वरी विकास प्रबंधक समिति के श्री रविंद्र कुमार रवि, श्री कौशलेंद्र कुमार सिंह, श्री बहोरी सिंह, श्री अशर्फी सिंह, श्री मिथिलेश श्रीवास्तव उपस्थित थे।

