अल्पसंख्यक बाहुल्य 11 क्षेत्रों में ग्रामीण पेयजलापूर्ति की कुल 153 करोड़ 35 लाख 97 हजार रुपये की योजनाएं स्वीकृत

झारखण्ड के अल्पसंख्यक क्षेत्रों के विकास के लिये प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत केन्द्र सरकार ने 153 करोड़ 35 लाख 97 हजार रुपये की योजना की स्वीकृति दी है। उक्त जानकारी देते हुये अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री हाजी हुसैन अंसारी ने कहा कि झारखण्ड सरकार ने अल्पसंख्यक बाहुल्य 11 क्षेत्रों के लिये पाइप लाइन से ग्रामीण पेयजलापूर्ति की कुल 153 करोड़ 35 लाख 97 हजार रुपये की योजना केन्द्र सरकार को प्रस्तावित की थी जिस पर केन्द्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना के तहत केन्द्र एवं राज्य सरकार की भागीदारी 50:50 प्रतिशत की होगी। इसके तहत केन्द्र सरकार 38 करोड़ 33 लाख 99 हजार 3 सौ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री हाजी हुसैन अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यको के सम्पूर्ण विकास के लिये प्रयासरत है। इस योजना के तहत अल्पसंख्यक बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी जिससे उन्हे बेहतर जीवनस्तर एवं स्वस्थ जीवन हासिल होगा। इस योजना के तहत गुमला की 4 योजनाएं, देवघर के मधुपुर, गिरीडीह, हजारीबाग, सिमडेगा, खूंटी,गढ़वा और लोहरदगा की एक-एक योजना मिलाकर  कुल 11 योजनाओं की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
 

Recent news