विकास आयुक्त सुखदेव सिंह ने झारखंड के 23वें मुख्य सचिव के रुप में संभाला पदभार

1987 बैच के आइएएस अधिकारी और विकास आयुक्त सुखदेव सिंह ने झारखंड के नये मुख्य सचिव के रुप में झारखंड मंत्रालय में बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। हरियाणा में जन्में आइएएस अधिकारी सुखदेव सिंह लगभग सभी विभागों में काम कर चुके हैं। 1989 से 1991 तक इनकी पोस्टिंग एसडीओ के रूप में रही और इसके बाद 1991 से 1993 तक डीडीसी रहे। सुखदेव सिंह को पहली बार उपायुक्त का प्रभार देवघर में मिला, जिसके बाद बोकारो, गिरिडीह रांची जैसे जिलों में भी उन्होंने उपायुक्त का प्रभार संभाला। सुखदेव सिंह सरकार के तमाम विभागों से लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तक का दायित्व संभाल चुके हैं। बिहार कैडर से अपनी सेवा शुरू करने के बावजूद जिन चार जिलों में उन्हें उपायुक्त का जिम्मा मिला वे सभी झारखंड के थे। अलग राज्य का गठन होने के बाद 11 महीनों तक वे राजधानी रांची के उपायुक्त भी रह चुके हैं। सुखदेव सिंह 2018 में मुख्य सचिव कैडर के अधिकारी बने और अब उन्हें मुख्य सचिव का जिम्मा मिला है। उनके पास अभी चार वर्षों का लंबा कार्यकाल है।

Recent news