श्री सरयू राय की जीवनी पर आधारित पुस्तक 'द पीपुल्स लीडर' के विमोचन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधान सभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधान सभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो ने आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्री सरयू राय की जीवनी पर आधारित पुस्तक 'द पीपुल्स लीडर' का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्री सरयू राय परिचय के मोहताज नही हैं। काफी समय से इनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में श्री सरयू राय के सुझावों और विचारों से मैं हमेशा प्रभावित हुआ हूं। मुझे लगता है कि मैं ही नहीं बल्कि बहुत सारे लोग इनके विचारों से प्रभावित होंगे। एक अच्छे लेखक एवं एक अच्छे राजनीतिज्ञ के रूप में लोगों के बीच इनकी चर्चा सदैव होती रहती है। श्री सरयू राय के द्वारा लिखी गई कई पुस्तकें मैंने स्वयं पढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री सरयू राय ने हमेशा चुनौतियां स्वीकार की हैं। इन्होंने साहस और धैर्य का परिचय देते हुए सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना भी किया है। श्री सरयू राय ने सच्चाई के पथ पर चलकर अपनी अलग मुकाम बनाई है। श्री सरयू राय जैसे लोगों के चलते ही आज भी 'सत्यमेव जयते' जिंदा है। मुख्यमंत्री ने श्री सरयू राय को असामान्य सोच के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

25112021_574_2

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्री सरयू राय द्वारा लिखी गई पुस्तकें राज्य सरकार को एक बेहतर प्रबंधन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी लोगों को पूर्व की गलतियों से सीख लेते हुए साथ मिलकर एक बेहतर प्रबंधन के साथ राज्य को आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय लेखक श्री विवेकानंद झा द्वारा लिखी गई पुस्तक 'द पीपुल्स लीडर' राज्य को एक बेहतर दिशा देगी। मैं अपनी ओर से 'द पीपुल्स लीडर' पुस्तक की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

25112021_574_3

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि कृतज्ञ समाज का उत्तरदायित्व बनता है कि जो लोग अच्छे कार्य करते हैं उनके कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्री सरयू राय ने हमेशा अच्छे कार्य किए हैं। उन्होंने एकला चलो के राह को अपनाते हुए अपनी नीति और सिद्धांत के साथ कभी समझौता नहीं किया है। श्री सरयू राय ने कभी भी गलत लोगों का साथ नहीं दिया। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित रूप से राज्य हित एवं जनहित से संबंधित मामलों में श्री सरयू राय द्वारा दिए गए सुझावों का राज्य सरकार स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान सकारात्मक कार्यों और अच्छे सुझावों को सम्मान देना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।

25112021_574_4

इस अवसर पर 'द पीपुल्स लीडर' पुस्तक के लेखक श्री विवेकानंद झा ने  पुस्तक के विषय-वस्तु की विस्तृत जानकारी अपने संबोधन में रखीं। उन्होंने कहा कि श्री सरयू राय से संबंधित व्यक्तिगत, सामाजिक, राजनीतिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं को इस पुस्तक में दर्शाया गया है। वर्ष 1974 छात्र आंदोलन, आपातकाल में भूमिका, राजनीति में पदार्पण, विभिन्न मुद्दों पर मतभेद, घोटालों को उजागर करने में भूमिका से लेकर कई अन्य घटनाओं का जिक्र इस पुस्तक में किया गया है।

25112021_574_5

मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधान सभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो ने शॉल ओढ़ाकर श्री सरयू राय को सम्मानित किया। श्री सरयू राय ने विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

25112021_574_6

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व विधायक श्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, प्रभात प्रकाशन के निदेशक श्री पीयूष कुमार सहित अन्य लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षाविद उपस्थित थे।

Recent news