कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित प्रशासनिक क्षमता विकास पर संगोष्ठी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन।

गांव को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। गांव मजबूत होगा तभी पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य मजबूत होगा। आप सभी पदाधिकारी राज्य के जड़ों में कार्य करने वाले लोग हैं। सरकार की सभी योजनाओं को विकास की राह में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना आप सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। आप जहां काम करें वहां अपने काम के बदौलत अपना अमिट छाप छोड़े। आपकी कार्यशैली से किसी का अहित न हो इसका पूरा ध्यान रखें। आप सभी पदाधिकारी सरकार के अभिन्न अंग हैं। आप हमारे आंख, कान और नाक बनकर काम करते हैं। राज्य के सर्वांगीण विकास में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों का मन और विश्वास जीतकर ही सभी योजनाओं का सफल संचालन कर सकेंगे। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय के सभागार में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित प्रशासनिक क्षमता विकास पर संगोष्ठी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।

27062022_207_3

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य अन्य राज्यों से काफी अलग है। हमारे राज्य में 5 प्रमंडल हैं। पांचों प्रमंडलों में कुछ-कुछ विविधताएं हैं। झारखंड आदिवासी, दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक बहुल राज्य है। हमें इस राज्य की अलग-अलग भौगोलिक वातावरण तथा भाषा, संस्कृति के अनुसार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए आगे बढ़ने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी पदाधिकारी यहां की स्थानीय भाषा की जानकारी रखें। भाषा की जानकारी के अभाव में बिचौलिया हावी न हो इसका ख्याल रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वजन पेंशन योजना का लाभ सभी पात्र लोगों को मिले यह सुनिश्चित करें। राज्य के किसान, मजदूर तथा जरूरतमंदों के प्रति हमारी सरकार की संवेदनाएं हैं। सरकार की छोटी-छोटी योजनाओं का संभ्रांत लोगों पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ता है। सरकार की योजनाएं गरीब, मजदूर तथा किसान वर्ग के लोगों को ही प्रभावित करती हैं। ऐसे वर्गों के लोगों को समृद्धि और खुशहाली की ओर दिशा देना आपकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के साथ आप बाबू साहब वाला रिश्ता न रखें। आप अपने पद का दुरुपयोग कर गलती नहीं कर सकते हैं क्योंकि सभी कड़ियां एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी जिम्मेदारियां सीमित लोगों के भरोसे नहीं चल सकती हैं। आप सभी पदाधिकारी सरकार का हाथ-पैर बनकर काम करते हैं। राज्य को बेहतर दिशा देने में आपकी भूमिका अहम हो जाती है।

27062022_207_4

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हमारे राज्य के नौजवान सभी क्षेत्रों में राज्य को नई दिशा देने में लगे हैं। सीमित संसाधन तथा अभाव के बावजूद हमारे राज्य के बच्चों ने देश और दुनिया में खेल के क्षेत्र में अपना अहम योगदान दिया है। राज्य के बच्चे तीरंदाजी, हॉकी, क्रिकेट सहित अन्य खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज यहां के बच्चे दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी अब हम पीछे नहीं हैं। इस बार यूपीएससी के फाइनल रिजल्ट में हमारे 25 बच्चों ने एक साथ सफलता पाई है। हम अब शिक्षा के क्षेत्र में अन्य राज्यों से आगे निकल रहे हैं। हमारी सरकार विभिन्न तरह के रोजगार सृजन की योजना, सरकारी नियुक्ति, खेल पॉलिसी इत्यादि सहित सभी क्षेत्रों के कड़ियों को एक साथ जोड़ने पर काम कर रही है।

27062022_207_5

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के समय हमारी सरकार ने सीमित संसाधनों के साथ ही चीजों को सरल और शांत माहौल में संभालने का कार्य कर दिखाया है। जैसे-जैसे परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं सरकारी नियुक्तियों में भी तेज गति से कार्य हो रहा है। राज्य में 32 वर्षों बाद कृषि पदाधिकारी, राज्य गठन के बाद पहली बार विधि विज्ञान प्रयोगशाला में सहायक निदेशक/वरीय वैज्ञानिक एवं वैज्ञानिक सहायकों की बहाली हुई है। हमारी सरकार निरंतर सरकारी नियुक्तियों को भरने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई ऐसा कारण नहीं है कि हमारा राज्य पीछे रहे। इस राज्य में देश का 42% खनिज संपदा मौजूद है। प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ हमारे पास ईमानदार और मेहनती मानव संसाधन भी उपलब्ध है। हमें इन सभी चीजों का बेहतर उपयोग कर राज्य को आगे ले जाना है। राज्य के विकास के लिए भावी कार्ययोजना बनानी पड़ती है। इन कार्य योजनाओं को बनाने के समय कई चीजों का ख्याल रखना पड़ता है। मुझे ऐसा लगता है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पहली बार 20 वर्षों के बाद नियम और कानून की किताबों को पलटकर नियम और नीति बनाई जा रही है।

27062022_207_13

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्री आलमगीर आलम ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कोरोना संक्रमण काल के दौरान वर्ष 2020 में नियुक्त इन सभी पदाधिकारियों द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने निमित्त इनके कार्यशैली की सराहना की। मंत्री श्री आलमगीर आलम ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि आप सभी लोग अपने-अपने प्रखंड एवं कार्यक्षेत्र में ही मजदूर तथा जरूरतमंदों को रोजगार देना सुनिश्चित करें। राज्य से मजदूरों का पलायन न हो इसका ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि आप सभी पदाधिकारी ऐसा काम करें कि आम जनता आपको याद रखें आपके कामों की तारीफ करे।

27062022_207_7

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह ने सभागार में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि आप सभी पर ईश्वर का वरदान है कि आप जन सेवा के कार्यों के लिए नियुक्त हुए हैं। ईश्वरीय वरदान का अपमान न हो इसका ध्यान रखें। अपने पद का उपयोग कर दूसरे को परेशान कतई न करें। आम जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहें। आप ऐसा काम करें कि भविष्य में आम जनता से आपकी तारीफ सुनकर हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो। उन्होंने कहा कि पद को स्वयं से अलग रखें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं और बधाई दीं।

27062022_207_10

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के समक्ष वर्ष 2020 में नियुक्त हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने अपने कार्य अनुभव साझा किए। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (डुमरी प्रखंड) सुश्री एकता वर्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (गुड़ाबांधा प्रखंड) सुश्री स्मिता नगेशिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बरही प्रखंड) सुश्री क्रिस्टीना रिचा इंदवार, कार्यपालक दंडाधिकारी (गढ़वा) श्री अशोक कुमार भारती ने अपने-अपने प्रखंड क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के प्रभाव के समय परिस्थितियों के बावजूद आम जनता को जागरुक करते हुए किए  गए विकास कार्य, अनुभव एवं सुझाव से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

27062022_207_22

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्री आलमगीर आलम, मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजीव अरुण एक्का, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव डॉ मनीष रंजन, वर्ष 2020 में नियुक्त झारखंड प्रशासनिक सेवा के सभी पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

Recent news