मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने धर्मपत्नी श्रीमती कल्पना सोरेन संग जेसोवा के दीपावली मेले का किया उद्घाटन |

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड आईएएस वाइव्स एसोसिएशन,  जेसोवा की ओर से राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित पांच दिवसीय दीपावली मेले का आज उद्घाटन किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सरोकार के जिस संकल्प और उद्देश्य के साथ यह आर्थिक एवं सामाजिक रूप से लाचार और जरूरतमंदों की सहायता कर रहा है,   दीपावली मेला भी उसी कड़ी का एक हिस्सा है । जेसोवा के सामाजिक सरोकार का दायरा और बढ़े, इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं।

14102022_399_3

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंदों और लाचार लोगों की मदद अथवा सहायता करना हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति में रचता -बसता है । कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान पूरे देश में जिस तरह विभिन्न संस्थाएं लोगों की मदद करने के लिए सामने आई उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है । किसी ने गरीबों और जरूरतमंदों को मुफ्त में खाना खिलाया तो किसी ने दवाइयां उपलब्ध कराई तो किसी ने अन्य माध्यमों से मदद पहुंचाई । यह  हम सभी को मानवता और सामाजिक जुड़ाव के लिए प्रेरित करता है । इससे मदद और सहायता पहुंचाने वालों को काफी बल मिलता है ।

14102022_399_9

मुख्यमंत्री ने कहा कि  कभी भी और किसी के साथ मुसीबतें और समस्याएं पैदा हो सकती है ऐसे में हम  एक ऐसा वातावरण बनाएं, जहां लाचार गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए लोग सामने आएं। वे सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में बढ़ -चढ़कर हिस्सा लें । विशेषकर सभी के प्रयासों से ही समाज में सौहार्द, सद्भाव, भाईचारा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल सकता है।

14102022_399_14

इस मौके पर देश के लिए अपनी शहादत देने वाले वीर शहीद कुंदन कुमार ओझा की धर्मपत्नी श्रीमती नम्रता ओझावीर शहीद गणेश हांसदा की माता श्रीमती कापरा हांसदा और वीर शहीद सुनील लकड़ा की धर्मपत्नी श्रीमती मधुवानी लाकड़ा को जेसोवा  की ओर से वीर नारी सम्मान के तहत एक- एक लाख  रुपए का चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया।

● राजधानी रांची के डुमरदग्गा स्थित ऑब्जर्वेशन होम को एक लाख रुपए की सहायता राशि दी गई ।

 ● गढ़वा जिला के महुपी आंगनबाड़ी केंद्र को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एक लाख 75 हज़ार रुपए की सहायता राशि जेसोवा के द्वारा दी गई ।

 ● चतरा जिले के हंटरगंज की रहने वाली और एसिड अटैक की पीड़िता काजल कुमारी को बेहतर इलाज के लिए एक लाख रुपए का चेक दिया गया

 ● थैलेसीमिया बीमारी से ग्रसित शांभवी कुमारी को इलाज के लिए तीन लाख रुपए जेसोवा की ओर से दिए गए ।

 ● रांची जिले के मांडर प्रखंड में रात्रि पाठशाला के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने वाली अनीता उरांव को 80 हज़ार रुपये की सहायता राशि दी गई।

 ● डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी के हॉस्पिटल मैनेजमेंट कोर्स की छात्रा प्रियंका कुमारी और एमबीए के विद्यार्थी राजीव रंजन को 50-50 हज़ार रुपए की सहायता राशि दी गई।

14102022_399_12

 इस मौके पर  मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कल्पना सोरेन मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे और झारखंड आईएएस वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की अध्यक्ष श्रीमती मिनी सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती नमिता सिंह, सचिव श्रीमती निक्की टोप्पो, संयुक्त सचिव श्रीमती प्रेरणा मेहता, कोषाध्यक्ष श्रीमती स्टेफी और कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती रंजना कुमार और श्रीमती जया सिन्हा समेत कई  अन्य सदस्य मौजूद थीं।

Recent news