मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने  कोडरमा में "आपकी योजना-आपकी सरकार- आपके द्वार " कार्यक्रम में  286 करोड़ 12 लाख 94 हज़ार  रुपए की लागत से 513  योजनाओं का किया उद्घाटन- शिलान्यास |

पहले बंद कमरों में योजनाएं बनती थी और वहीं समाप्ति हो जाती थी । लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिलना तो दूर जानकारी  तक नहीं होती थी । लेकिन, हमारी सरकार में अधिकारी तमाम योजनाओं को लेकर आपके दरवाजे पर जा रहे हैं । हमारा आग्रह है कि आप इन योजनाओं को अपने घर ले जाएं और अपनी आय बढ़ाकर सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बने । मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज कोडरमा में आयोजित "आप की योजना -आपकी सरकार- आपके द्वार" कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कोडरमा जिला प्रशासन की ओर से सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के एप्प को भी लांच किया।

18102022_304_6

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य वासियों के सहयोग से पिछले वर्ष "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम काफी सफल रहा था । इस दौरान छह हजार से ज्यादा शिविर लगाए गए थे ।इन शिविरों में 35 लाख से ज्यादा आवेदन मिले थे। इनमें से ज्यादातर आवेदनों का निपटारा शिविर में ही कर दिया गया था और जो भी लंबित आवेदन थे , उसका भी जिला स्तर पर  समाधान किया जा चुका है।  जन प्रतिनिधियों के साथ आम लोग भी इस योजना को फिर से शुरू करने की मांग कर रहे थे । इनकी भावनाओं को  ध्यान में रखकर आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को आयोजित किया जा रहा है । आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

18102022_304_8

मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 अक्टूबर से चल रहे इस कार्यक्रम के तहत अब तक लगाए गए शिविरों में साढ़े आठ  लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। इन आवेदनों का निपटारा तीव्र गति से किया जा रहा है । मुझे पूरी उम्मीद है कि इस बार इस कार्यक्रम के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों को योजनाओं से आच्छादित करने का एक नया रिकॉर्ड बनेगा।

18102022_304_9

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को अपने पंचायत में योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन देने में किसी भी तरह की कठिनाई है तो वे दूसरे पंचायतों में भी आवेदन कर सकते हैं।  सभी योग्य लाभुकों को योजना का लाभ अवश्य दिया जाएगा ।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार लोगों की आकांक्षाओं और जरूरतों को समझने के लिए आपके दरवाजे पर आ रही है, ताकि उसी अनुरूप योजनाओं को बनाकर धरातल पर उतारा जा सके।

18102022_304_13

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा एक रिपोर्ट जारी की गई है।  इसमे बताया गया है कि झारखंड देश के वैसे गिने- चुने राज्यों में शामिल है, जहां दो  वर्षों तक कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के बाद भी प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है । यह सब आपके सहयोग और सरकार के बेहतर प्रबंधन की वजह से संभव हुआ है।

18102022_304_16

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर वर्ग और तबके के हित को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही हैं । सरकार ने यूनिवर्सल पेंशन स्कीम लागू की है । जिसमें अहर्ता रखने वाले सभी लाभुकों को पेंशन योजना से जोड़ा जा रहा है ।  20  लाख नए राशन कार्ड जारी किए जा रहे हैं । गरीबों को 10  रुपए में धोती -साड़ी- लूंगी देने का कार्यक्रम चल रहा है ।बच्चियों के लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना शुरू की गई है। फूलों -झानो आशीर्वाद योजना के तहत दारू- हड़िया बेचने वाली महिलाओं को सम्मानजनक व्यवसाय से जोड़ा जा रहा है । मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत युवाओं को व्यवसाय के लिए अनुदान आधारित 25 लाख रुपए तक का लोन दिया जा रहा है । मुख्यमंत्री पशुधन योजना के मार्फत किसानों- पशुपालकों को आय बढ़ाने के लिए संसाधन दिए जा रहे हैं । ऐसी और भी कई योजनाएं हैं, जो जरूरतमंदों को ध्यान में रखकर चलाई जा रही है।

18102022_304_17

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना सरकार की विशेष प्राथमिकताओं में है । उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की तर्ज पर मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं । यहां बच्चों को निशुल्क गुणवत्तायुक्त शिक्षा दी जाएगी । वहीं, छात्रवृत्ति की राशि में तीन गुना  इजाफा किया गया है। इतना ही नहीं, विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए शत प्रतिशत स्कॉलरशिप भी सरकार दे रही है ।

18102022_304_20

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में  निजी क्षेत्र की कंपनियों में 75 प्रतिशत नौकरी स्थानीय को देने के लिए नियमावली तैयार कर ली गई है । अब निजी क्षेत्र में स्थानीय को नौकरी देने के लिए शिविर लगाया जाएगा । इस दिशा में कंपनियों और उसमें कर्मियों की जरूरतों का आकलन किया जाएगा।

18102022_304_26

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल से निकलने के बाद विकास को रफ्तार देने का काम शुरू ही हुआ था कि कम बारिश की वजह से सुखाड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लेकिन, सरकार ने इससे निपटने की पूरी तैयारी कर ली है।  इस दिशा में किसानों और मजदूरों को राहत देने के लिए कई योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से हो रहा है।

18102022_304_27

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 286 करोड़ 12 लाख 94 हज़ार  रुपए की लागत से 513  योजनाओं  का उद्घाटन- शिलान्यास किया । इसमें  134 करोड़ 88 लाख 61 हज़ार  रुपए की लागत से 159 योजनाओं का उद्घाटन और 151 करोड़ 24 लाख 33 हज़ार रुपए की लागत से  354 योजनाओं की आधारशिला रखी गई । इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के  3377 लाभुकों के बीच 22 करोड़ 98 लाख 23 हज़ार  रुपए की परिसंपत्ति का वितरण किया ।

18102022_304_28

इस मौके पर मंत्री श्री  आलमगीर आलम और श्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक श्री  उमा शंकर अकेला और अमित यादवजिला परिषद अध्यक्ष श्री रामधन यादव, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे,   कोडरमा जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी,लाभुक और लोग मौजूद थे।

Recent news