मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पतरातू लेक रिसॉर्ट परिसर, परिसर में  पर्यटकों को सुसज्जित और सुविधाओं से परिपूर्ण "पर्यटन विहार" (वीआईपी गेस्ट हाउस) की दी सौगात |

झारखंड को प्रकृति ने कई खूबसूरत सौगातें दी है। इस राज्य को खनिज -संपदा के लिए तो जाना ही जाता है । इसके अलावा यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम और मनमोहक वादियां और धार्मिक स्थल भी आकर्षण का केंद्र रहा है।  यहां के पर्यटक स्थल और भी खूबसूरत हों। यहां सैलानियों को सभी जरूरी सुविधाएं मिलें । देश- दुनिया के सैलानियों का यह आकर्षण का केंद्र बनें। इसे  ध्यान में रखकर सरकार द्वारा सभी पर्यटक स्थलों के विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जा रही है और उसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है । मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज पतरातू लेक रिसोर्ट परिसर में नवनिर्मित "पर्यटन विहार" (वीआईपी गेस्ट हाउस) राज्यवासियों को समर्पित करते हुए यह कहा।  मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से पर्यटन के मानचित्र पर झारखंड को एक अलग पहचान मिलेगी।

11052023_215_2

मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि यह पर्यटक स्थल आपकी संपत्ति है। आप यहां पिकनिक मनाएं। घूमे- फिरे और मनोरंजन करें। लेकिन, इसे किसी भी सूरत में नुकसान ना पहुंचाएं । इसे प्रदूषित नहीं करें। पूरे परिसर की साफ-सफाई का ध्यान रखें।  सरकार किसी भी पर्यटक स्थल के आधारभूत संरचना को मजबूती दे सकती है, लेकिन इसे चलाना और सुरक्षित रखना आपकी जिम्मेदारी है।

11052023_215_4

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पर्यटक स्थल के रूप में पतरातू डैम की एक अलग छवि बन रही है । यहां आने वाले सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है । इसका सीधा लाभ यहां के लोगों को मिलेगा।  इससे एक तरफ आसपास के क्षेत्रों का  विकास होगा, वहीं रोजगार के भी नए अवसर बढ़ेंगे। यह सिर्फ एक डैम नहीं है, बल्कि आपकी आमदनी का एक बड़ा स्रोत भी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आम जनता की सहभागिता के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती है।

11052023_215_7

मुख्यमंत्री ने कहा कि पतरातू डैम कैचमेंट एरिया का सीमांकन किया जाएगा। ताकि, इसका अतिक्रमण नहीं हो और इसे सुरक्षित रखा जा सके। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि डैम परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करें ।

11052023_215_12

राज्य के पर्यटन मंत्री श्री हफीजुल हसन ने पतरातू डैम परिसर को एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाने को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।  उन्होंने कहा कि यहां आने वाले सैलानियों के लिए जल्द ही रोपवे का निर्माण किया जाएगा।  इसके अलावा पतरातू और नेतरहाट के लिए भी बस सेवा की शुरुआत की जाएगी । वहीं, पतरातू डैम में वाटर एक्टिविटीज तथा वाटर स्पोर्ट्स भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

11052023_215_13

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लगभग 12 करोड़  92 लाख रुपए की लागत से 6 योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया। इसमें 7 करोड़ 10 लाख रुपए की 2 योजनाओं का उद्घाटन और 5 करोड़ 82 लाख रुपए की 4 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।  इसके अलावा समारोह में पर्यटन निदेशालय द्वारा आयोजित फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिता के  विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

11052023_215_14

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री हफीजुल हसन, राज्य समन्वय समिति के सदस्य श्री फागु बेसरा, विधायक सुश्री अम्बा प्रसाद, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे ,भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री सुनील कुमार, निदेशक पर्यटन श्रीमती अंजलि यादव एवं रामगढ़ के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Recent news