मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन गिरिडीह के झंडा मैदान में "आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार" कार्यक्रम में शामिल हुए।

गांव किसी भी राज्य के जड़ होते हैं। गांव सशक्त होगा तभी राज्य मजबूत होगा। सरकार की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस कड़ी में "आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार" कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान सरकार के गठन से पूर्व ऐसा किसी सरकार ने नहीं किया था। आज पदाधिकारी आपकी समस्या का समाधान आपके द्वार पर कर रहें हैं। चंद घंटों में आपकी समस्याओं का समाधान हो रहा है। राज्य भर के पंचायत और गांव में शिविर का आयोजन हो रहें हैं, ताकि अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजना का लाभ मिल सके। ये बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कही। मुख्यमंत्री गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित "आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार" कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा की सरकार आपके द्वार के विगत दो चरणों में लाखों आवेदन प्राप्त हुए थे। अगर पूर्व की सरकारों द्वारा लोगों की समस्या का समाधान किया गया होता, तो आज स्थिति कुछ और होती। लेकिन यह आपकी सरकार है, जो आपकी समस्यायों के समाधान हेतु आपके द्वार पहुंच रही है। पदाधिकारी राज्यवासियों की सेवा में लगे हैं, जबकि पूर्व की सरकारों ने इन्हें अपनी सेवा में लगा रखा था।

04122023_540_6

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अगर राज्य सरकार की बकाया राशि एक लाख 36 हजार करोड़ का भुगतान करें तो राज्यवासियों के कल्याण हेतु कई महत्वपूर्ण कार्य हो सकेंगे। लाखों की संख्या में जरूरतमंदों को आवास, युवाओं की शिक्षा के लिए हजारों की संख्या में कॉलेज, लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति समेत अन्य जन कल्याण कार्य राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। केन्द्र सरकार द्वारा बिजली का 1200 करोड़ रुपए झारखण्ड का ले लिया गया और बिजली उपलब्ध कराने में भी कटौती की जाती रही। लेकिन राज्य सरकार जल्द खुद का बिजली संयंत्र लगाने की कार्ययोजना पर आगे बढ़ रही है।

04122023_540_7

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को अपने पढ़ाई को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के अतिरिक्त गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ भी सरकार दे रही है। अब उच्च शिक्षा और प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में योजना सहायक बनेगी। सरकार इस हेतु आर्थिक सहयोग करेगी। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से अबतक सरकार ने करीब आठ लाख किशोरियों को जोड़ा है।

04122023_540_13

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो संस्थान जिला स्तर पर संचालित होते थे, वैसे संस्थानों को प्रखंड स्तर पर भी संचालित किया जाने लगा है। इसका प्रतिफल है कि कौशल प्राप्त हजारों युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया। नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है। आनेवाले दिनों में अन्य नियुक्तियां निकली जाएंगी। नियुक्ति नियमावली की अड़चनों को दूर कर कार्य किया जा रहा है। 

04122023_540_15

इस अवसर मंत्री श्री आलमगीर आलम, मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री श्रीमती बेबी देवी, गिरिडीह विधायक श्री सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद, बगोदर विधायक श्री विनोद कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, उपायुक्त गिरिडीह, आरक्षी अधीक्षक गिरिडीह एवं हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

Recent news