मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने  रांची के सुकुरहुटू में  ट्रांसपोर्ट नगर फेज -1 का किया उद्घाटन, फेज -2 की रखी आधारशिला

आज रांची को एक सुसज्जित और व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर मिल रहा है । ट्रांसपोर्ट नगर से जहां यातायात और परिवहन व्यवस्था सुगम एवं सुदृढ़ होगा, वहीं ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राजधानी रांची के सुकुरहुटू में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नवनिर्मित ट्रांसपोर्ट नगर के फेज- 1 का उद्घाटन एवं फेज -2 की आधारशिला रखते हुए अपने संबोधन में ये बातें कही। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का यह स्थायी ठिकाना होगा, जहां उन्हें कारोबार से संबंधित सारी सुविधाएं मिलेंगी।

03102024_280_2

मुख्यमंत्री ने कहा  कि ट्रांसपोर्ट नगर में आने वाले दिनों में जो जरूरत और आवश्यकता होगी , उसी के अनुरूप  सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। आज ट्रांसपोर्ट नगर के फेज वन का उद्घाटन संपन्न हुआ। फिलहाल यहां ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से संबंधित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है और फेज-2 में भी कई आधुनिक सुविधाएं यहां उपलब्ध कराया जाना है।

03102024_280_3

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर से आम नागरिकों को काफी सहूलियत होगी। इससे शहर में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिलेगी । यातायात व्यवस्था सुगम होगा।शहर में भारी वाहन नहीं आएंगे, जिससे सड़कों पर आवागमन में आसानी होगी। वहीं, भारी माल वाहक वाहनों के पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग, वाहन चालकों के ठहरने सहित ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े कार्य एक ही जगह हो सकेंगे। 

03102024_280_5

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर  से इस इलाके में कई अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे शहर का विस्तार होगा। यहां शहरी गतिविधियां भी तेजी से बढ़ेगी।कारोबार में गति आएगी। रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे । कुल मिलाकर ट्रांसपोर्ट नगर से विकास को एक नया आयाम मिलेगा।

03102024_280_6

 इस अवसर पर मंत्री श्री हफीजुल हसन, राज्य सभा  सांसद श्रीमती महुआ माजी, प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार, निदेशक सूडा श्री अमित कुमारउपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त श्री संदीप सिंह एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Recent news