Sorry, you need to enable JavaScript to visit this website.

  • CM Facebook profile
  • CM Twitter profile
  • Skip to main content
  • A
  • A
  • menu

मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी हुए सेवानिवृत, अधिकारियों ने दी भावभीनी विदाई


    झारखंड के मुख्य सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी (डी के तिवारी) 34 वर्षों की सेवा के बाद 31 मार्च,2020 को सेवानिवृत्त हो गए। सेवा के अंतिम दिन तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने झारखंड मंत्रालय में एक सादे समारोह में उन्हें भावभीनी विदाई दी। उनके जीवन की एक नई पारी की शुभकामना दी और अच्छे स्वास्थ्य की मंगलकामना की। 

    गलत होता देख चुप नहीं रह सकते सुखदेव : डॉ. डी के तिवारी

    इस अवसर पर डॉ. डी के तिवारी ने कहा कि वे सेवा काल के दौरान अपने तमाम सहयोगियों से मिले स्नेह और सहयोग को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि उन्हें उन जैसा सहयोगी मिला। कहा, सेवा समाप्ति के अवसर पर सोचता हूं तो स्मृति की दीप शिखाएं जल उठती हैं। मैं उसमें खो जाता हूं। सब बयान नहीं कर सकता। जीवन के इस मोड़ पर (सेवानिवृत्ति के समय) परिस्थितिवश उनके परिजन रांची में उनके साथ नहीं हैं, लेकिन सहयोगियों का अपनापन परिवार सरीखा ही है। कहा, रोजमर्रा के काम के दौरान कभी-कभी सहयोगियों से अप्रसन्न भी हुआ। गुस्सा भी जाहिर की, लेकिन मेरे व्यक्तिगत संबंध हमेशा अच्छे रहे। विकास आयुक्त सुखदेव सिंह को अपना बेहतर उत्तराधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासन को नई दिशा मिलेगी। वे एक ऐसे व्यक्ति हैं, जो गलत होता देख चुप नहीं रह सकते। वहीं वह किसी निरीह की मदद के लिए किसी भी हद तक जाने का माद्दा रखते हैं। 

    कहानियां सुन डरा रहता था तिवारी सर से : सुखदेव सिंह

    डॉ. डी के तिवारी की विदाई के अवसर पर विकास आयुक्त सुखदेव सिंह ने भी स्मृतियों के पन्ने पलटे। उन्होंने कहा कि वह तिवारी सर के संबंध में दूसरों से कहानियां सुन-सुन कर डरे रहते थे। दिल-दिमाग पर उनकी कड़क इमेज बनी हुई थी। लेकिन गुमला में एक बार पूरे दिन एक साथ रहा, बातें की, तब जाना कि वे कितने सहज और सहृदय हैं। रूल, रेगुलेशन पर उनकी पकड़ का कायल पूरी प्रशासनिक बिरादरी थी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति की तारीख तो उसी दिन तय हो जाती है, जब हम सेवा में आते हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि उनका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा। 

    डॉ. डी के तिवारी से हमेशा प्रेरणा मिलती रही :अरूण कुमार सिंह

    अपर मुख्य सचिव श्री अरूण कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. डी के तिवारी से न सिर्फ उन्हें, बल्कि पूरी प्रशासनिक बिरादरी को हमेशा प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने उनके साथ अपने नजदीकी संबंधों को याद किया। कहा, देश-विदेश की जानकारी और किसी भी विषय पर डॉ. तिवारी की गहरी जानकारी उनसे बात करने को उकसाती रहती है। उन्हें हमेशा मदद को तैयार अधिकारी बताते हुए उन्होंने उनकी नई पारी की शुभकामना दी।

    वीकली मीटिंग के रूल से बहुत फायदा मिला : ए पी सिंह

    प्रधान सचिव श्री ए पी सिंह ने डा. डी के तिवारी द्वारा मामलों के लीगल पक्ष पर हमेशा फोकस करने के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि इससे बहुत फायदा हुआ। वहीं श्री तिवारी द्वारा वीकली मीटिंग का कंसेप्ट देने को प्रशासनिक सुधार जैसा बताया। 

    विदाई समारोह में श्री सुखदेव सिंह, श्री अरूण कुमार सिंह, श्री एल ख्यांगते, श्री ए पी सिंह, श्री राजीव अरूण एक्का, श्री शैलेश कुमार सिंह, श्री नीतिन मदन कुलकर्णी, श्री अजय कुमार सिंह, श्री के के सोन, श्री राहुल शर्मा, श्री विनय कुमार चौबे, श्रीमती हिमानी पांडेय, श्रीमती आराधना पटनायक, श्रीमती पूजा सिंघल, श्री के रवि कुमार, श्री सुनील कुमार, श्री अमिताभ कौशल, श्री अबु  बक्कर सिद्दीकी, श्री प्रवीण टोप्पो, श्री प्रशांत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

    Recent news