Sorry, you need to enable JavaScript to visit this website.

  • CM Facebook profile
  • CM Twitter profile
  • Skip to main content
  • A
  • A
  • menu

आदिवासी बुद्धिजीवी मंच ने किया मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन का अभिनंदन


    आदिवासी बुद्धिजीवी मंच झारखंड के द्वारा मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन  का अभिनंदन किया गया। सीरम टोली स्थित होटल मेपल वुड में आयोजित समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को इस सम्मान के लिए धन्यवाद दिया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आने वाले 5 वर्षों में हमारी सरकार झारखंड की दिशा और दशा बदलेगी। वर्तमान सरकार विकास की ऐसी नींव रखेगी जिसकी जड़ें इतनी मजबूत होंगी कि पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को इसका लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में रहने वाले सभी जाति, समुदाय, धर्म, सभी वर्ग के लोगों का मान-सम्मान का ख्याल रख कर हमें विकास के पथ पर अग्रसर होना है। सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान हो यही मेरा लक्ष्य है। 

    युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ेगी राज्य सरकार 

    मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आप सभी प्रबुद्धजनों का सहयोग और सुझाव लेकर हमें एक लंबी लकीर खींचनी है। सिर्फ अभी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का भी चिंता सरकार कर रही है। आप सभी के सहयोग से वर्तमान सरकार झारखंड के लोगों के अपेक्षाओं के अनुरूप मार्ग प्रशस्त करेगी। यहां के युवा जिस तरह आगे बढ़ना चाहते हैं उन्हें उसी प्रकार अवसर देने का काम किया जाएगा।

    विकासात्मक कार्यों पर चिंतन और मंथन कर रही है सरकार

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ ही समय पहले आप लोगों ने राज्य की बागडोर हमारे हाथों में सौंपी है। मैंने जबसे राज्य की बागडोर संभाली है तब से लगातार राज्य के प्रत्येक क्षेत्र तथा सभी विकासात्मक कार्यों को लेकर गहन चिंतन और मंथन सरकार कर रही है। छोटे से समय में ही व्यस्तता बढ़ी है। आम लोगों की समस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ कार्यपालिका से जुड़े हुए दायित्वों का भी निर्वहन किया जा रहा है। कार्यपालिका से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोई गलती न हो इसका भी पूरा ध्यान सरकार रख रही है।

    चुनौती को अवसर में बदलना है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सामने बहुत बड़ी चुनौती है परंतु मैं इस चुनौती को अवसर में बदलने की कोशिश पर लगा हूं। झारखंड की परंपरा और संस्कृति को अक्षुण्ण रखते हुए राज्य को प्रगति की ओर ले जाना है। सदियों से ही यहां के सरल और सीधे साधे लोगों को विकास के नाम पर ठगा और छला गया है। सरकार की योजनाओं का लाभ सही तरीके से लोगों को नहीं मिल पाया, जितना मिलना चाहिए था। झारखंड के लोगों ने विपत्तियों को भी हंसते खेलते झेला है। राज्य की जनता ने जिस प्रकार वर्तमान सरकार पर विश्वास और भरोसा जताया है। मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश कर रहा हूं। राज्य सरकार सभी कार्य और दायित्व सकारात्मकता और प्रतिबद्धता के साथ पूरा करेगी। इस अवसर पर आदिवासी बुद्धिजीवी मंच के श्री विक्टर मालटो, श्री प्रेमचंद मुर्मू, श्रीमती मेडलिन तिर्की, सभी बिशप एवं विभिन्न संगठनों के प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
     

    Recent news